Agniveer Bharti in Haryana : केंद्र सरकार की अग्निवीर भर्ती योजना के तहत हरियाणा में एक नवंबर से दस नवंबर तक राजधानी चंडीगढ़ व छह अन्य जिलों के लिए भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया जाएगा। पहले से ली गई परीक्षा में पास अभ्यर्थियों के लिए अंबाला छावनी के खडग़ा स्पोर्टस स्टेडियम में भर्ती प्रक्रिया का दूसरा चरण फिजिकल एवं मेडिकल का आयोजन किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल बी.एस. बिष्ट ने मंगलवार को बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में हरियाणा के पंचकूला , अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर जिला एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के वे पुरुष अभ्यर्थी जो प्रथम चरण के कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन कॉमन परीक्षा में शॉर्ट लिस्ट हुए हैं, भाग ले सकते है।
सभी चयनित अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 25 सितंबर 2023 को जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना की वेबसाइट पर उम्मीदवार वेबसाइट लॉगिन आईडी से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
कर्नल बिष्ट ने बताया कि 7 से 10 नवंबर तक इसी स्थल पर हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली तथा चंडीगढ़ की महिला मिलिट्री पुलिस अग्निवीर अभ्यर्थियों की भी भर्ती प्रक्रिया का दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा। उनके एडमिट कार्ड आगामी एक-दो दिन में जारी कर दिए जाएंगे।