उत्तर प्रदेश के Deputy CM Brajesh Pathak ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता मिशन को धरातल पर उतारने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। स्वच्छता पखवाड़े में जन सामान्य को जोड़कर स्वच्छता का मिशन पूरा कर रहे हैं। बापू ने राष्ट्र के लिए जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने हजरतगंज जीपीओ पार्क में स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद बोल रहे थे। इसके उपरांत उन्होंने बैठकर गांधी के प्रिय भजनों को सुना।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि श्रद्धेय बापू ने सत्य अहिंसा का मार्ग भारतवर्ष को दिखाया था। आज सारी दुनिया उसका अनुसरण कर रही है। ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के सभी लोगों से अनुरोध किया कि हाथ से बने खादी वस्त्रों का प्रयोग करें। इससे गरीबों, वंचितों व मजदूरों को रोजगार मिलेगा और प्रत्येक भारतवासी में भारतीयता की भावना जागृत होगी।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री पाठक हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम पहुंचे और भवन में बापू की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और चरखा चला कर सूट काता। खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए गांधी आश्रम से कुर्ते के कपड़े भी खरीदे।
उप मुख्यमंत्री शास्त्री भवन एनएफसी पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वहां उपस्थित स्वच्छता कर्मियों को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया और लखनऊ और प्रदेश को स्वच्छ बनाने में दायित्व निर्वहन के लिए आभार प्रकट किया।
लखनऊ महानगर भाजपा की ओर से आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, सदस्य विधान परिषद मुकेश शर्मा, डॉ. महेंद्र सिंह, विधायक नीरज बोरा, एमएलसी पवन सिंह चौहान, अवनीश सिंह, रामचंद्र प्रधान व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे और बापू की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।