MP Weather News : मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, इस कारण मध्य प्रदेश के पश्चिम-उत्तर हिस्से में तेज हवा चल रही है।
मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर थम गया है, जिसके चलते आसमान साफ होने लगा है और पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को प्रदेश के 28 शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। इनमें सर्वाधिक 36.4 डिग्री तापमान सीधी में रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अभी तीन-चार दिन तक वर्षा होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में मानसून पर ब्रेक लग गया है। बारिश का दौर थमने के कारण किसान चिंतित होने लगे हैं। खरीफ की प्रमुख धान और सोयाबीन की फसलों के सूखने की आशंका बढ़ गई है।
भोपाल मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में इस सीजन में एक जून से अब तक कुल 661.7 मिमी. वर्षा हुई है। जो सामान्य वर्षा (773.7 मिमी.) की तुलना में 14 प्रतिशत कम है। प्रदेश के 23 जिलों में सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्षा का सिलसिला थमने से मौसम साफ होने लगा है। आसमान साफ होने के कारण सुबह से ही धूप निकलने लगी है। इस वजह से दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। हालांकि बादल छंटने के कारण अब रात के तापमान में कुछ गिरावट भी हो सकती है। चार सितंबर के बाद पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा होने के आसार हैं।
श्रीनगर पहुंचीं मिस वर्ल्ड कैरोलिना बिलावस्का, कश्मीरी व्यंजनों का लिया आनंद, जानिये पूरा अपडेट